शामली पुलिस अधीक्षक डॉ. अजयपाल शर्मा ने बताया, “पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मुकीम काला गैंग के दो शातिर बदमाश नौशाद और सरवर कैराना क्षेत्र स्थित अपने गांव भूरा किसी वारदात को अंजाम देने के लिए आए हैं। दोनों एक साथ एक मकान में रुके हैं। सूचना पर शनिवार तड़के कैराना और झिंझाना पुलिस ने मौके पर जाकर घेराबंदी कर ली।”
शर्मा ने बताया, “खुद को पुलिस से घिरा देख दोनों बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें नौशाद उर्फ डैनी व सरवर गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को सीएचसी झिंझाना ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मुठभेड़ में झिंझाना थाना प्रभारी भगवत सिंह सहित सात पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।”
एसपी ने बताया, “मारे गए बदमाश मुकीम काला गिरोह के शातिर शूटर थे। दोनों बदमाशों के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। मारे गए बदमाश नौशाद पर 60 हजार रुपये का इनाम था। उप्र पुलिस ने उस पर 50 हजार और हरियाणा पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। नौशाद के खिलाफ दिल्ली, हरियाणा और शामली में कई मामले दर्ज हैं। वहीं सरवर पर उप्र पुलिस की ओर से 12 हजार रुपये का इनाम घोषित था।”
उन्होंने कहा कि दोनों बदमाशों के पास से बड़ी संख्या में हथियार भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों बदमाशों के शव सुपुर्द-ए-खाक कर दिए हैं।
dharmpath.com dharmpath