उप्र एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अमित पाठक ने गुरुवार को बताया, “एसटीएफ को अवैध हथियारों की तस्करी के बारे में सूचनाएं मिल रही थी। मामले की जांच के लिए एसटीएफ बरेली को लगाया गया था। बरेली एसटीएफ ने कुछ रोज पहले सिकंदराराऊ निवासी बरनाल सिंह को 45 तमंचों के साथ गिरफ्तार किया था, जिसने पूछताछ में बताया कि उसके रिश्तेदार साहब सिंह सहित चार लोग सिकंदराराऊ में तमंचा बनाते हैं।”
पाठक ने बताया कि इन तमंचों की सप्लाई बरेली, सीतापुर के अलावा मध्य प्रदेश तक होती है।
इस सूचना पर बरेली एसटीएफ प्रभारी अजय पाल सिंह टीम ने बुधवार देर शाम सिकंदराराऊ पहुंची और मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस के साथ एटा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पीछे मकान की घेराबंदी की।
खुद को घिरता देख मकान के बाहर खड़ी इंडिका कार में सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग करते हुए टीम ने कार सवार सीतापुर निवासी मुल्लू मौर्या व जागीर खान को गिरफ्तार कर लिया। कार में 315 बोर के 92 तमंचे व एक कारतूस भी बरामद हुआ। वहीं सिकंदराराऊ निवासी उनका साथी साहब सिंह फरार हो गया।
पुलिस साहिब सिंह को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। एसटीएफ प्रभारी के अनुसार साहिब सिंह हाथरस का कुख्यात अपराधी है, जो अपने घर में ही तमंचों का निर्माण करता है।
dharmpath.com dharmpath