लखनऊ/वाराणसी, 24 सितंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव ने वाराणसी में गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर हुए विवाद में पुलिस द्वारा साधु-संतों पर किए गए लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि संत धर्माचार्य हमारे लिए पूजनीय हैं। उनके साथ ऐसा व्यवहार निंदनीय है।
लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान अपर्णा ने कहा कि इस मुद्दे को मिल-बैठकर सुलझा लेना चाहिए। गंगा नदी में गणेश प्रतिमा के विसर्जन के सवाल पर उन्होंने कहा कि एक तरफ हम गंगा सफाई की बात करते हैं, तो दूसरी तरफ हम ही उसे गंदा भी करते हैं।
उन्होंने कहा कि धार्मिक नगरों में नदियां ज्यादा प्रदूषित हैं, इसका प्रमुख कारण है कि मंदिरों में चढ़ा फूल लोग नदियों में फेंक देते हैं। मथुरा में यमुना प्रदूषित है, तो वाराणसी में वही हाल गंगा का है।
अपर्णा ने कहा, “गंगा हमारी मां है और इसे स्वच्छ रखना हमारा कर्तव्य है। लेकिन जिस तरह पुलिस ने संतों पर और वहां की जनता पर लाठियां बरसाईं, वह गलत है।”
गौरतलब है कि वाराणसी में गंगा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के मसले पर मराठा गणेशोत्सव समिति के समर्थन में धरने पर बैठे स्वामी अविमुक्ते श्वरानंद समेत तमाम बटुकों और साधु-संतों पर मंगलवार रात करीब एक बजे पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया था। लाठीचार्ज में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद समेत कई संतों को चोटें आई थीं।
इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने आदेश दिया था कि गंगा नदी में प्रदूषण को रोकने के लिए इस बार कोई भी प्रतिमा उसमें विसर्जित नहीं की जाएगी। वहीं, मराठा गणेशोत्सव समिति और साधु-संत नदी में ही गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर धरना दे रहे थे। पुलिस ने अदालत के आदेश का हवाला देते हुए लाठीचार्ज कर उन्हें हटाया था।
dharmpath.com dharmpath