उप्र में अपराधियों का राज : मायावती

लखनऊ, 23 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री एवं बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने सूबे की अखिलेश सरकार पर प्रहार करते हुए मंगलवार को कहा कि सपा का राज अपराधियों, माफियाओं व सांप्रदायिक तत्वों का राज हो गया है और कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।

बसपा प्रमुख मायावती ने मंगलवार को एक बयान जारी कर कहा कि प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में नाकारा साबित हुई है। अपराधियों पर कोई लगाम नहीं है।

बसपा अध्यक्ष ने कहा कि झोपड़ी में रहकर आईआईटी जैसे उच्च शिक्षण संस्थान में प्रवेश परीक्षा पास करने वाले प्रतापगढ़ के लालगंज गांव के दो दलित भाइयों पर जानलेवा हमला दलितों के प्रति क्रूरतम व्यवहार है।

उन्होंने कहा कि पत्रकारों व आरटीआई कार्यकर्ताओं की प्रताड़ना व हत्याओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ये घटनाएं साबित करती हैं कि उत्तर प्रदेश में न केवल जंगलराज है, बल्कि सरकार नाम की कोई संस्था काम नहीं कर रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने सपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि गंभीर अपराधों में भी लिप्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करना तो दूर, सरकार में शामिल कई नेता और कार्यकर्ता उन्हें संरक्षण प्रदान कर रहे हैं। इससे अपराधियों का मनोबल बढ़ा रहता है।

मायावती ने प्रतापगढ़ जिले के दलित भाइयों पर हमला करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493