लखनऊ, 4 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ और आसपास के जिलों में शनिवार को सुबह से ही आंशिक तौर पर बदली का असर नजर आ रहा है। इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में किसी तरह का खास बदलाव नहीं होने की उम्मीद जताई है।
उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता के अनुसार, दिन में धूप-छांव का दौर जारी रहेगा। प्रदेश के कई जिलों में आंशिक तौर पर बदली का असर दिखाई देगा। हालांकि बारिश होने की संभावना काफी कम है। तापमान में भी खास उतार-चढ़ाव देखने को नहीं मिलेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अतिरिक्त शनिवार को बनारस का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री, कानपुर का 22.4 डिग्री, गोरखपुर का 24.3 डिग्री, इलाहाबाद का 25 डिग्री, झांसी का 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath