उप्र में कांग्रेस जीती तो किसानों का कर्ज माफ होगा : राज बब्बर

इलाहाबाद, 10 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राज बब्बर ने यहां शनिवार को कहा कि उप्र में कांग्रेस जीती तो किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा और बिजली का बिल हाफ कर दिया जाएगा।

पार्टी के सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज बब्बर ने कहा कि कांग्रेस किसी राजनैतिक दल से नहीं, बल्कि जनता से गठबंधन करेगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी खुद किसानों से मिल रहे हैं। उनकी समस्याओं पर बात कर रहे हैं। उनसे मांग पत्र भरवा रहे हैं। उनका पूरा जोर है कि देश का उत्तर प्रदेश का किसान आत्मनिर्भर और मजबूत बने।

मायावती और मुलायम सिंह पर निशाना साधते हुए राज बब्बर ने कहा कि जब इन दोनों की पार्टी सत्ता में रही, तब ये जनता का हित साधने के बजाय अपना हित साधने में लगे रहे। अब जनता इनसे ऊब चुकी है।

वहीं मौजूद कांग्रेस नेता पन्नालाल पुनिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश में दलितों के साथ सर्वाधिक उत्पीड़न हो रहा है। खास बात यह है कि सपा सरकार में इनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। पीड़ित थानों पर पहुंचते हैं तो उन्हें भगा दिया जाता है।

पुनिया ने कहा कि प्रदेश में जब तक कांग्रेस सरकार रही, दलितों का उत्पीड़न नहीं हुआ।

इस मौके पर सांसद प्रमोद तिवारी के अलावा विधायक अनुग्रह नारायण सिंह और नंद गोपाल नंदी भी मौजूद रहे। इसके बाद सभी नेता आनंद भवन पहुंचकर देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के अस्थि कलश वाली जगह पर पुष्प अर्पित किए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493