लखनऊ, 28 नवम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ व आसपास के इलाकों में सुबह से ही कोहरे का असर दिखाई दे रहा है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में और अधिक गिरावट आने एवं कोहरा और बढ़ने की संभावना है।
उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे.पी गुप्ता के अनुसार, सुबह कोहरे का असर रहा लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही धूप निकलेगी और मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा। पश्चिमी उप्र के कुछ जिलों में भी अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
लखनऊ के अतिरिक्त सोमवार को बनारस का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस, कानपुर का 19 डिग्री सेल्सियस, गोरखपुर का 19 डिग्री सेल्सियस, झांसी का 21 डिग्री सेल्सियस और इलाहाबाद का 20़1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath