लखनऊ, 21 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ व आसपास के जिलों में सोमवार सुबह तेज धूप निकलने से तापमान में इजाफा हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। हालांकि अब आंधी और बारिश होने की संभावना कम ही है।
उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे.पी गुप्ता के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है। अगले एक से दो दिनों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
उन्होंने बताया कि पूर्वांचल और बुंदेलखंड के इलाकों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक वृद्घि दर्ज हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
लखनऊ के अतिरिक्त सोमवार को बनारस का न्यूनतम तापमान 23 डिग्री, कानपुर का 24.5 डिग्री, गोरखपुर का 25 डिग्री और झांसी का 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।