लखनऊ, 16 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार ने 17 नवंबर को छठ पर्व के उपलक्ष्य में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। सरकार के इस आदेश के बाद सूबे में मंगलवार को राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में छुट्टी रहेगी।
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से इस संबंध में मुख्यमंत्री को एक प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे मंजूरी दे दी गई। इसके बाद सरकार की ओर से छठ पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की गई है।
सरकार की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि राज्य सरकार के ऐसे कार्यालय, जहां पांच दिवसीय कार्य-सप्ताह लागू है, वहां मंगलवार के अवकाश के एवज में शनिवार 21 नवंबर को कार्य दिवस रहेगा।
उल्लेखनीय है कि सरकार ने पिछले माह ही देश के प्रथम गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल व आचार्य नरेंद्र देव की जयंती पर नया सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था। इसके अलावा पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर, जननायक कर्पूरी ठाकुर, महाराणा प्रताप जयंती पर छुट्टियों का ऐलान भी इसी साल किया गया।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के शासनकाल में शुरू की गई डॉ. भीमराव अंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस की छुट्टी सत्ता में आने पर सरकार ने निरस्त कर दी थी, लेकिन इस साल इस दिन को भी सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया गया है।
dharmpath.com dharmpath