उप्र में जेवर के पास एक की हत्या, लूटपाट, महिलाओं से छेड़छाड़

नोएडा, 25 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में जेवर के पास बुधवार देर रात कुछ हथियारबंद बदमाशों ने वाहन से जा रहे एक परिवार को लूटा और महिलाओं से छेड़छाड़ की। इस क्रम में उन्होंने एक शख्स की गोली मार कर हत्या कर दी।

वारदात यहां से 60 किलोमीटर दूर जेवर-बुलंदशहर राजमार्ग पर आधी रात के बाद 1.30 बजे के आसपास हुआ, जब ग्रेटर नोएडा के एक परिवार के आठ सदस्य बुलंदशहर के अस्पताल में भर्ती अपने एक बीमार रिश्तेदार से मिलने के लिए जा रहे थे। उनमें चार महिलाएं भी थीं।

पीड़ित परिवार के अनुसार, पांच बदमाशों ने उनकी कार के चक्के में गोली मार कर उन्हें रुकने पर मजबूर किया। उन्होंने महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की और उनके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर हमलावरों ने शकील कुरैशी को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। बदमाश उनके कीमती सामान और नकदी लूट ले गए।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, “हम अपराधियों को पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं। अभी तक कोई भी अपराधी नहीं पकड़ा गया है। पीड़ित परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं।”

उत्तर प्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, यह घटना जेवर से करीब दो किलोमीटर दूर बुलंदशहर की ओर जाने वाले राजमार्ग पर हुई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493