लखनऊ , 22 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में आंशिक तौर पर वृद्घि दर्ज की गई है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी में कमी आने से मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान मौसम के रुख में किसी तरह के खास बदलाव की उम्मीद नही है।
उत्तर प्रदेश मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता के मुताबिक, मैदानी इलाकों में धूप निकलने से पारे में वृद्घि दर्ज की गई है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की वृद्घि होने का अनुमान है।
गुप्ता के अनुसार, ‘विंड चिल्ड इफेक्ट’ का असर अब कम हो गया है, जिससे मैदानी इलाकों में कोहरे का असर नहीं के बराबर है। हालांकि अगले एक दो दिन में हल्की बदली होने की सम्भावना है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अतिरिक्त रविवार को बनारस का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री, कानपुर का 9.4 डिग्री, गोरखपुर का आठ डिग्री, इलाहाबाद का 11 डिग्री और झांसी का 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath