लखनऊ , 14 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ व आसपास के जिलों में सुबह से ही तेज धूप निकली है। मौसम विभाग ने कहा कि दिन में ठंडी हवाएं चलने से तापमान में मामूली गिरावट दर्ज किए जाने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता के अनुसार, दिन में तेज धूप निकलेगी लेकिन आठ से 10 किलोमीटर की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलेंगी जिससे ठंड महसूस होगी। तापमान में ज्यादा उतार चढ़ाव होने की संभावना नहीं है।
गुप्ता ने कहा कि पहाड़ों पर बर्फबारी कम हुई है, जिसकी वजह से मैदानी इलाकों में वायुमंडल में नमी भी धीरे-धीरे कम हो रही है। अगले सप्ताह तक ठंड और कम होने और तापमान बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अतिरिक्त मंगलवार को गोरखपुर का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री, कानपुर का 13.2 डिग्री, इलाहाबाद का 13.6 डिग्री और झांसी का 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath