लखनऊ, 7 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ एवं राज्य के अन्य जिलों में गर्मी एवं उमस में भारी इजाफा हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताह के अंत तक आर्द्रता का स्तर और बढ़ेगा और तापमान में उछाल आएगा।
विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक आंधी और बारिश की संभावना नहीं है।
उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे.पी गुप्ता के अनुसार, गुरुवार को पूर्वांचल और बुंदेलखंड के कई जिलों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया जाएगा। लखनऊ का अधिकतम तापमान हालांकि 39 डिग्री के आसपास रहेगा। लेकिन दिन में आद्र्रता का स्तर 90 फीसदी के आसपास दर्ज किया जाएगा, जिससे उमस बढ़ेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
लखनऊ के अतिरिक्त गुरुवार को बनारस का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री, कानपुर का 26 डिग्री, इलाहाबाद का 27 डिग्री, गोरखपुर का 27.5 डिग्री और झांसी का 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath