उप्र में धीरे-धीरे कम होगी ठंड, रात के तापमान में वृद्धि

लखनऊ, 16 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी में पारा शून्य डिग्री तक पहुंचने के बाद अब रात का तापमान बढ़ने लगा है।

बीते 24 घंटों के दौरान लखनऊ के न्यूनतम तापमान में वृद्घि दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, 19 जनवरी तक तापमान में किसी तरह के खास बदलाव की उम्मीद नही है।

उत्तर प्रदेश मौसम विभाग के निदेशक जे.पी गुप्ता के मुताबिक, चिल्ड विंड इफेक्ट का प्रभाव पहले की तुलना में कम है इसलिए पिछले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है।

उन्होंने बताया कि रविवार रात को न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से 18 जनवरी के आसपास फिर कोहरा पड़ने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि 21 जनवरी तक न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। इसके बाद ठंड का प्रभाव कम हो जाएगा। इस दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्घि दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 4़.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किये जाने का अनुमान है।

राजधानी के अतिरिक्त सोमवार को वाराणसी का न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस, कानपुर का 4 डिग्री सेल्सियस, गोरखपुर का 5़.5 डिग्री सेल्सियस और इलाहाबाद का 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इस बीच ठंड की वजह से ही राजधानी लखनऊ में स्कूल 16 जनवरी तक बंद हैं।

राजधानी में ठंड की वजह से अस्पातालों में मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। राम मनोहर लोहिया और सिविल अस्पातल में मरीजो की संख्या बढ़ने की वजह से उन्हें ट्रामा सेंटर में रेफर किया जा रहा है।

सिविल अस्पताल के चिकित्साधिकारी डॉ.आशुतोष दुबे के मुताबिक, ठंड की वजह से दिल के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। अस्पताल में आईसीयू पूरी तरह से भर चुका है। उन्होंने हालांकि ठंड की वजह से किसी के मरने की खबर से इनकार किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493