लखनऊ, 20 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में शुक्रवार को धूप निकलने से ठंड का असर पहले से कम हो गया है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी में कमी आने के बाद अब ठंडी हवाओं की रफ्तार धीमी पड़ गई है, जिससे मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार हालांकि 22 जनवरी से एक बार फिर कोहरा छाने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता ने बताया कि पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी कम हुई है। इसका असर मैदानी इलाकों में भी दिखाई दे रहा है। हवाओं की रफ्तार कम हुई है और धूप निकलने से तापमान में वृद्घि दर्ज की गई है।
गुप्ता ने बताया कि दिन में अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की वृद्घि होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेलिसयस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किए जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अतिरिक्त शुक्रवार को बनारस का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री, कानपुर का 7.3 डिग्री, गोरखपुर का 10 डिग्री, इलाहाबाद का 9.3 डिग्री और गोरखपुर का 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस बीच उप्र के एटा जिले में गुरुवार को हुई दुर्घटना के बाद से ही सरकार ने ऐसे स्कूलों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है, जो बंद होने के आदेश के बाद भी पढ़ाई जारी रखे हुए हैं।
लखनऊ के जिलाधिकारी ने पहले ही ठंड की वजह से जिले के सभी स्कूलों को 20 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया है। जिला प्रशासन ने सख्त हिदायत दी है कि यदि कोई स्कूल आदेश की अवहेलना करते पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे स्कूलों की मान्यता भी रद्द की जा सकती है।
dharmpath.com dharmpath