लखनऊ, 17 दिसम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में लोकायुक्त की नियुक्ति के बाद भी यह मामला शांत नहीं हो रहा है। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़ ने नए लोकायुक्त वीरेंद्र सिंह यादव की नियुक्ति पर सवाल उठाया है।
समाचार चैनल एबीपी न्यूज के मुताबिक, न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ ने कहा कि लोकायुक्त पद के लिए जिन पांच व्यक्तियों के नाम भेजे गए थे, उनमें वीरेंद्र सिंह का नाम शामिल नहीं था।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में लोकायुक्त की नियुक्ति का मामला काफी समय से लटका हुआ था जिस पर राज्य सरकार में सहमति नहीं बना पा रही थी, जिसके बाद सर्वोच्च न्यायालय ने खुद ही बुधवार को कदम उठाते हुए वीरेंद्र सिंह को उत्तर प्रदेश का नया लोकायुक्त नियुक्त कर दिया।
वीरेंद्र सिंह को हालांकि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव का करीबी माना जाता है। लोकायुक्त पद के लिए वीरेंद्र सिंह उत्तर प्रदेश सरकार की पहली पसंद थे।
dharmpath.com dharmpath