उप्र में पुलिस के राजनीतिकरण को सुधारने में वक्त लगेगा : अमित शाह

लखनऊ स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में उठे सवाल ‘योगी सरकार को उप्र की कानून-व्यवस्था सुधारने के मामले में कोई सुझाव दिया है’, के जवाब में शाह ने कहा, “इस संबंध में सरकार को मुझे सलाह देने की आवश्यकता नहीं है। पिछली सरकारों में पुलिस और प्रशासन का जो राजनीतिकरण हो गया था, उसे सुधारने में वक्त लगेगा।”

शाह ने कहा, “मैं प्रदेश की जनता को भरोसा दिलाता हूं कि उप्र में कानून-व्यवस्था ठीक होगी और प्रदेश में कानून का राज होगा।”

उन्होंने कहा, “योगी सरकार ने तीन माह में बहुत अच्छा कार्य किया है। योगी सरकार ने तीन महीने में केंद्र की योजनाओं को लागू किया, जनकल्याण की दर्जनों योजनाएं चलाई। जातिवाद परिवारवाद को समाप्त करने में भाजपा को सफलता मिली है।”

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के सवाल पर शाह ने कहा, “जब से विवादित ढांचा गिरा है, तबसे ही भाजपा का रुख साफ रहा है कि अयोध्या में राम मंदिर कानूनी तरीके या आपसी संवाद से मंदिर बनेगा। हमारे संकल्प पत्र में भी यह साफ रहा है।”

मंदिर निर्माण मामले में कमेटी बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा, “हम कोई कमेटी नहीं बनाएंगे।”

नए अध्यक्ष के सवाल पर शाह ने कहा कि नया प्रदेश अध्यक्ष तय होते ही केशव प्रसाद पूरा समय सरकार को देंगे।

अखिलेश यादव द्वारा रिकॉर्ड समय में आगरा से लखनऊ एक्सप्रेस वे बनाने और पूर्वाचल के लिए भाजपा सरकार द्वारा इससे भी कम समय में पूर्वाचल एक्सप्रेसवे बनाने की चुनौती पर भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “अखिलेश के एक्सप्रेसवे पर कोई गाड़ी नहीं चल पा रही है। हम अखिलेश जैसे काम नहीं करना चाहते हैं। हम ऐसा एक्सप्रेस वे बनाना चाहते हैं, जिस पर गाड़ियां भी चलें।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493