आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने बैठक के दौरान घोषणापत्र जारी किया। घोषणापत्र के अनुसार, सभी बाजारों व व्यस्त चौराहों पर महिला शौचालय बनाया जाएगा, गृहकर की बकाया राशि माफ करते हुए आगे के गृहकर आधे कर दिए जाएंगे। इसके अलावा पार्किं ग माफिया से शहर को मुक्त कराने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
संजय सिंह ने बताया, “15 अक्टूबर को आप अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर देगी। दिल्ली में हमारी सरकार ने जनता की प्राथमिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ईमानदारी से बहुत काम किया है। अब समय आ गया है कि उस अनुभव का लाभ हम अपने गृह प्रदेश को दें। निकाय चुनाव यह अवसर लेकर हमारे पास आया है। दिल्ली में शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर इतना ज्यादा काम हुआ है कि उसकी चर्चा देश व विदेशों तक में हो रही है।”
योगी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री के गृह जनपद में मेडिकल कॉलेज में भ्रष्टाचार के कारण ऑक्सीजन की सप्लाई ठप होने से छोटे-छोटे बच्चे मर गए, वहीं दिल्ली में हमारी सरकार ने 1000 मोहल्ला क्लीनिक बनाकर जनता के पैसे को जनता के काम में लगाया है। दिल्ली में सरकारी स्कूलों की इमारतें, फर्नीचर अब प्राइवेट स्कूलों को मात दे रहे हैं, वहीं उप्र में अब भी सरकारी प्राइमरी स्कूलों में बच्चे टाट-पट्टी पर बैठ रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में जीत मिलने पर आप दिल्ली मॉडल को उप्र के नगर निगमों में लागू करेगी।
dharmpath.com dharmpath