लखनऊ, 17 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ व आसपास के अन्य इलाकों में शुक्रवार को सुबह से ही आंशिक तौर पर बादल छाए हुए हैं। इससे लोगों को गर्मी और धूप से राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान मौसम में किसी तरह के खास बदलाव की उम्मीद नहीं जताई है।
उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता के अनुसार, दिन के तापमान में आंशिक गिरावट दर्ज की जाएगी। तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक के गिरावट की उम्मीद है।
गुप्ता ने बताया कि लखनऊ के अतिरिक्त कुछ जिलों में दिन में हल्के बादल छाए रहेंगे और कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अतिरिक्त शुक्रवार को बनारस का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री, कानपुर का 22 डिग्री, गोरखपुर का 22.3 डिग्री, इलाहाबाद का 24 डिग्री, झांसी का 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath