लखनऊ ,19 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ एवं आसपास के इलाकों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं और बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान कहीं सामान्य तो कहीं तेज बारिश होने की उम्मीद है।
उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे.पी गुप्ता के अनुसार, दिन में बादल छाए रहेंगे और तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जाएगी। दिन में तेज ठंडी हवाएं चलेंगी जिससे उमस से भी राहत मिलेगी। पूर्वाचल के कई जिलों में पिछले 24 घंटों में रूक-रूककर बारिश हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने की संभावना है।
लखनऊ के अतिरिक्त शुक्रवार को बनारस का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस, कानपुर का 22 डिग्री सेल्सियस, गोरखपुर का 24.3 डिग्री सेल्सियस, झांसी का 23 डिग्री सेल्सियस और इलाहाबाद का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath