लखनऊ, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ व आसपास के इलाकों में सुबह से आंशिक बदली छाई हुई है। यहां रविवार देर रात तेज हवाएं चलने और बूंदाबांदी होने के कारण गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक बदली का असर बने रहने की उम्मीद जताई है।
उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे.पी गुप्ता के अनुसार, हिमाचल, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उप्र में चक्रवात की स्थिति उत्पन्न होने की वजह से उप्र के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात की स्थिति की वजह से ही उप्र से बिहार और पश्चिम बंगाल तक टर्फ लाइन बनी है। इससे इन इलाकों में बारिश होने की संभावना है।
राजधानी में सोमवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लखनऊ के अतिरिक्त गोरखपुर का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री, कानपुर का 20 डिग्री, झांसी का 24 डिग्री और इलाहाबाद का 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath