उप्र में बोल्वो बस दुर्घटनाग्रस्त, 3 की मौत

लखनऊ, 29 जून (आईएएनएस)। लखनऊ से नई दिल्ली जा रही उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन की वॉल्वो बस रविवार देर रात कानपुर में सड़क के किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई, जिसमें तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि लखनऊ से नई दिल्ली जा रही रोडवेज की अनुबंधित वॉल्वो बस रविवार रात लगभग डेढ़ बजे कानपुर में भौती राजमार्ग के पास खड़े ट्रक से टकराकर पलट गई, जिसमें तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। घायलों को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस में 45 यात्री सवार थे।

रफ्तार अधिक होने के कारण बस को नियंत्रित नहीं किया जा सका। अधिकांश यात्री नींद में थे, जिससे किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एस.एन. तिवारी के साथ अंचल अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया, लेकिन कुछ बस के नीचे भी दबे हुए थे। उन्हें निकालने के लिए क्रेन मदद ली गई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493