लखनऊ, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश ईकाई के कार्यकर्ताओं ने छह अप्रैल को पार्टी के स्थापना दिवस को समर्पण दिवस के रूप में मनाया। इस दौरान उन्होंने एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि एकत्र की।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डा. चन्द्रमोहन ने बताया कि उत्तर प्रदेश भाजपा ने पार्टी के स्थापना दिवस छह अप्रैल को समर्पण दिवस के रूप में मनाते हुए 1465 मंडलों में से 1370 मंडलों पर प्रभावी कार्यक्रम किए, जिनमें एक लाख 10 हजार कार्यकर्ताओं व नेताओं ने हिस्सा लिया।
भाजपा नेता ने बताया कि समर्पण कार्यक्रमों में केंद्र सरकार की उपलब्धियों की चर्चा के साथ-साथ प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प भी लिया गया।
उन्होंने बताया कि प्रदेश भाजपा ने सदस्यता अभियान में दो करोड़ से अधिक लोगों को भाजपा से जोड़ा था। महासम्पर्क अभियान में बूथ तक जाकर प्राथमिक सदस्यों से सम्पर्क कर पार्टी की रीति-नीति से अवगत कराया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण अभियान में भी मंडल स्तर पर जाकर सक्रिय सदस्यों का प्रशिक्षण कराकर बड़ी उपलब्धि हासिल की गई।
बकौल चंद्रमोहन, “समर्पण दिवस पर एक करोड़ सात लाख 50 हजार (1,07,50,000) रुपये की राशि संगठन निधि में एकत्र की गई। उप्र में अभी तक आजीवन सहयोग निधि के रूप में 11 करोड़ रुपये से अधिक सहयोग राशि एकत्र की जा चुकी है।”
dharmpath.com dharmpath