लखनऊ, 8 अगस्त (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को आरोप लगाया है कि लखनऊ महानगर निगम सत्तारूढ़ भाजपा सरकार के इशारे पर उनके कार्यकर्ताओं को परेशान कर रही है।
आप जिला प्रवक्ता महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार की कई कारगुजारियों का खुलासा किया है, जिसके चलते लखनऊ नगर निगम, सरकारी एजेंसियां उन्हें निशाना बना रही हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी के विकासनगर के वार्ड प्रभारी मोहम्मद इम्तियाज समय-समय पर आम लोगों को पेश का रही दिक्कतें उठाते रहे हैं।
इम्तियाज एक सैलून चलाते हैं और बिना किसी पूर्व नोटिस के या प्रथम दृष्टया किसी तरह की अवैधानिकता साबित हुए लखनऊ नगर निगम ने मंगलवार को उनकी दुकान में तोड़फोड़ की।
आप नेता ने यह भी कहा कि अपने ग्राहकों को बारिश से बचाने के लिए इम्तियाज ने दुकान के बाहर टिन शेड लगा रखी है, जिसे अवैध बताते हुए नगर निगम ने न सिर्फ टिन शेड ढहा दी बल्कि इम्तियाज की पक्की दुकान भी तोड़ डाली और फर्नीचर क्षतिग्रस्त कर दिए।
उन्होंने बताया कि नगर निगम अधिकारी जबरन दुकान में घुसे और उसे ढहा दिया।
आप नेता ने बताया, “हमने दुकान ढहाने के लिए लिखित आदेश मांगा, लेकिन इमारत ढहाने वाली टीम के साथ आए नगर निगम अधिकारी लिखित दस्तावेज पेश करने में असफल रहे।”
आप के जिला संयोजक गौरव माहेश्वरी ने कहा कि सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन नगर निगम अधिकारियों को कानून के मुताबिक काम करना चाहिए।
dharmpath.com dharmpath