लखनऊ, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के अधिकारियों व कर्मचारियों को समय की पाबंदी का पाठ पढ़ा रहे हैं, वहीं दो राज्य मंत्रियों ने सोमवार सुबह जब अपने कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया, तो उन्हें कई अधिकारी अनुपस्थित मिले।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सुबह में अपने कार्यालय का औचक निरीक्षण किया, जिस दौरान कई कर्मचारी न सिर्फ अनुपस्थित मिले, बल्कि कृषि भवन की इमारत में भी ताला लटका मिला, जिसके बाद मंत्री आग बबूला हो गए।
कुछ ऐसा ही नजारा राज्य के अल्पसंख्यक व वक्फ मामलों के मंत्री मोहसिन रजा को अपने कार्यालय में देखने को मिला, जहां कई अधिकारी समय पर कार्यालय नहीं पहुंचे, जिसके बाद मंत्री ने इस बारे में एक रिपोर्ट मांगी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता शाही मदन मोहन मालवीय मार्ग पर स्थित कृषि निदेशायल का जब सुबह 10 बजे के आसपास औचक निरीक्षण करने पहुंचे और इस दौरान उन्हें कार्यालय में केवल खाली कुर्सियां और खाली चैंबर मिले, तो उनका पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया।
अधिकारियों ने आईएएनएस से कहा कि 30 फीसदी कर्मचारी काम पर नहीं आए हैं।
इस घटना के बाद मंत्री ने वरिष्ठ नौकरशाहों से यह सुनिश्चत करने को कहा कि अनुपस्थित सभी अधिकारियों व कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटा जाए।
राज्य मंत्री रजा ने भी अपने कार्यालय का औचक निरीक्षण किया और इस दौरान कई कर्मचारियों को नदारद पाकर बेहद गुस्सा हुए।
जब मंत्री ने अधिकांश खाली चैंबरों में एयर कंडिशनर और पंखों को चलता पाया, तो उन्होंने इसे बिजली की बर्बादी कहते हुए इस पर जवाब मांगा।
उन्होंने अधिकारियों से समय पर दफ्तर न आने वाले कर्मचारियों के बारे में रिपोर्ट भी मांगी।
योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों व सरकारी कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचने तथा काम में कोताही न बरतने के निर्देश दिए हैं।
dharmpath.com dharmpath