लखनऊ, 12 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में मंगलवार को एक बार फिर से भूकंप के झटके महसूस हुए। पहला भूकंप का झटका 12.38 मिनट, दूसरा झटका 1.11 मिनट पर लगा। भूकंप की वजह से हमीरपुर में एक मकान गिर गया। इसमें एक की मौत हो गई। वहीं, पांच से ज्यादा लोग घायल हो गए।
लखनऊ में भूकंप के झटके महसूस होते ही मुख्यमंत्री अखिलेश के कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई। उन्हें तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
गौरतलब है कि 25 अप्रैल को नेपाल में 7.9 तीव्रता वाला भूकंप आया था, जिसके बाद भारी तबाही मची थी।
झटके लखनऊ, कानपुर, इलाहाबाद, मैनपुरी, शामली, बलिया, बाराबंकी, देवरिया, जौनपुर, पीलीभीत, आजमगढ़, गाजीपुर, बस्ती, महाराजगंज, वाराणसी, मेरठ सहित पूरे प्रदेश में महसूस किए गए।
हालांकि, भूकंप के झटकों का उप्र की ऐतिहासिक इमारतों और मंदिरों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। ताजमहल, काशी विश्वनाथ मंदिर, संकट मोचन मंदिर, रामलला में कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
झटके महसूस होते ही हर तरफ अफरा-तफरी और दहशत का माहौल था। लोग अपने दफ्तरों और घरों से बाहर निकल आए। सड़कों पर लोगों ने अपनी गाड़ियां रोककर खड़े हो गए। इसका सबसे ज्यादा असर स्कूलों में देखने को मिला। जहां झटके महसूस होने के साथ ही टीचर, बच्चे और अन्य स्टाफ बाहर की ओर भागते नजर आए।
dharmpath.com dharmpath