उप्र में शीतलहर का असर, रेल एवं सड़क यातायात प्रभावित

लखनऊ, 27 दिसम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ व आसपास के जिलों में मंगलवार सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है जिससे पश्चिमी उप्र और पूर्वांचल के कई जिलों में सड़क यातायात प्रभावित हुआ है।

दृश्यता कम होने की वजह से कई रेलगाड़ियों के परिचालन पर भी इसका असर पड़ा है।

मौसम विभाग के अनुसार, हालांकि दिन में दोपहर के बाद कोहरा छंटने और धूप होने की संभावना है।

मौसम विभाग के निदेशक जे.पी गुप्ता के अनुसार, पहाड़ी इलाकों में कई जगहों पर बारिश शुरू हो गयी है। इससे मैदानी इलाकों में भी ठंड में इजाफा होगा। तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में दो डिग्री सेलिसयस तक की गिरावट दर्ज की गयी है।

गुप्ता के ,अनुसार मंगलवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान व्यक्त किया है।

पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लखनऊ के अतिरिक्त बनारस का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस, कानपुर का 11.3 डिग्री सेल्सियस, गोरखपुर का 10.3 डिग्री सेल्सियस, इलााहाबाद का 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इधर, रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, दिन में करीब दर्जन भर रेलगाड़ियां अपने नियत समय से देरी से चल रही हैं। कोहरे की वजह से दृश्यता का स्तर काफी नीचे चला गया है।

कानपुर-लखनऊ, लखनऊ-वाराणसी और लखनऊ-दिल्ली रेलखंड पर दर्जन भर रेलगाड़ियां कोहरे से प्रभावित हुई हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493