उप्र : मोबाइल चोरी को लेकर हुई झड़प में 7 जख्मी

बांदा, 14 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के गिरवां कस्बे में कल मोबाइल चोरी को लेकर हुए संघर्ष में दो पक्षों के सात लोग लाठी-फरसा लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज किया है।

गिरवां थानाध्यक्ष के.पी. दुबे ने दर्ज प्राथमिकी के आधार पर सोमवार को बताया कि कस्बे के शशिकांत के अनुसार, उसका मोबाइल फोन पड़ोसी राजेश चुरा ले गया, जब वह उसके परिजनों को कहने गया तो पहले रमाशंकर और उसके दो पुत्र सर्वेश व राजेश ने उसकी धुनाई कर दी। बाद में उसके घर धावा बोलकर उसके मामा राजकरन (32) और नानी देवा देवी (65) को लाठियों से पीट कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।

उन्होंने बताया कि दूसरे पक्ष के रमाशंकर ने अपनी तहरीर में बताया कि शशिकांत और राजकरन से उसकी पुरानी रंजिश चल रही है, इसी वजह से दोनों ने राजेश को दूसरे गांव ले जाकर फरसा मारकर घायल कर दिया, बाद में घर धावा बोलकर उसे उसकी पत्नी शीला (50) बेटा सर्वेश (22) को लाठी व फरसा से वार कर जख्मी कर दिया।

पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों से मिली तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493