बांदा, 28 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में बांदा जिला मुख्यालय के मुहल्ला खाईपार में शुक्रवार की रात एक युवक ने बंद कमरे में तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
नगर पुलिस अधीक्षक राकेश मिश्र ने बताया, “संजय (21) पुत्र धनीराम लोधी ने शुक्रवार की रात अपने मकान में कमरे को अंदर से बंद कर तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली है।”
उन्होंने कहा, “कमरे से खून बहता देख परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला।”
पुलिस ने बताया कि शव के पास से 315 बोर का एक खाली कारतूस फंसा तमंचा बरामद हुआ है, कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले हुई एक अन्य घटना में गांव के दबंगों द्वारा सरेआम पिटाई करने से क्षुब्ध होकर जनार्दन सिंह (35) ने खेत की मेड़ पर लगे पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। वह बबेरू थाने के पवई गांव का रहने वाला था।
dharmpath.com dharmpath