बांदा, 19 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के एक गांव में एक युवक ने मामूली विवाद पर अपनी पत्नी की हंसिया से गला काटकर हत्या कर दी और फरार हो गया। थानाध्यक्ष ने यह जानकारी गुरुवार को दी।
बदौसा के थानाध्यक्ष दुर्गविजय सिंह ने बताया कि चंदौर गांव के मजरा धरमपुरहा का पुरवा निवासी सुलखान सिंह यादव ने बुधवार की दोपहर तकरीबन ढाई बजे अपनी पत्नी आरती (26) को दमन दीव चलने के लिए तैयार होने को कहा। उसने वहां जाने से मना कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच मामूली विवाद हुआ। गुस्से में सुलखान ने घर में रखी हंसिया से पत्नी के चेहरे पर कई वार किए, उसके बाद गला काटकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद वह फरार हो गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक दमन दीव में एक निजी कंपनी में सेल्समैन की नौकरी करता है।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने बुधवार देर शाम मौके पर पहुंच कर शिकायत दर्ज कर गुरुवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
एसओ ने बताया कि मृतका के भाई कमलेश यादव की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
dharmpath.com dharmpath