उप्र : योगी ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां

लखनऊ, 19 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में भाजपा शासित सरकार के एक वर्ष पूरे होने के बाद सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी उपलब्धियों का बखान किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जल्द ही 64 सरकारी विभागों में खाली पड़े चार लाख पदों पर भर्तियां की जाएंगी।

लखनऊ में पत्रकारों को संबोधित करते हुए योगी ने कहा, “प्रदेश के किसानों के लिए मिट्टी को रायल्टी फ्री कर दिया गया है। अब कहीं भी सिपाही और राजस्वकर्मी उनकी चेकिंग एवं वसूली आदि नहीं कर सकेंगे।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो ईंट भट्ठा मालिक ईंट के दाम कम करेंगे, उन्हें भी मिट्टी पर रायल्टी मिलेगी। योगी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़े अभियान के तहत एक पोर्टल लांच किया। जहां कोई भी व्यक्ति वीडियो-आडियो भेज कर शिकायत दर्ज करा सकता है। उसकी पहचान गुप्त रखी जाएगी। उन्होंने 64 सरकारी विभागों में खाली पड़े चार लाख पदों पर इसी साल भर्ती किए जाने की भी घोषणा की।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा, “‘एक साल नई मिसाल’ के माध्यम से विकास की शुरुआत की है और यह कम समय में किया है। भ्रष्टाचार, गुंडाराज और अराजकता की पूर्व की सरकारों का अनैतिक कार्य हमने खत्म किया है।”

उन्होंने कहा, “हमारी सरकार ने लोक कल्याण संकल्प-पत्र प्रस्तुत किया था, जिसके द्वारा आम जनता के हितों की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का कार्य किया। उप्र में परिवारवाद, जातिवाद, मत और मजहब के आधार पर समाज को बांटने वाली विघटनकारी शक्तियां राज करती रहीं, लेकिन आज गांव, गरीब, किसान, दलित और वंचित समाज के अंतिम पंक्ति पर खड़ा व्यक्ति भी उप्र में हमारे एजेंडे का हिस्सा है।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “किसानों की आय दोगुना करने के लिए लघु एवं सीमांत किसानों के एक लाख रुपये तक के कर्जे को माफ कर दिया गया है। फसल ऋण मोचन से लेकर धान क्रय और गन्ना सहित तमाम किसानों के मुद्दों को जोड़ेंगे तो 80,000 करोड़ रुपये तक की धनराशि किसानों के खातों में भेजने का कार्य किया है।”

योगी ने कहा, “हमारी सरकार ने समूह ग और घ की सभी भर्तियों में साक्षात्कार की व्यवस्था खत्म कर दी। जिस प्रदेश में हर सप्ताह दो दंगे हुआ करते थे, अब उसी प्रदेश में विकास और कानून-व्यवस्था का राज कायम हो रहा है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493