दरअसल, सोमवार को शिक्षा मित्रों के साथ अपर मुख्य सचिव राजप्रताप सिंह की बातचीत भी विफल होने के बाद शिक्षामित्र मंगलवार को आंदोलन पर थे, जिसके बाद मंगलवार को शिक्षा मित्रों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी के साथ भेंट की।
इस दौरान बेसिक शिक्षा मंत्री स्वतंत्र प्रभार अनुपमा जायसवाल भी मौजूद थी। करीब तीन घंटे की इस बैठक के बाद शिक्षा मित्रों ने योगी के आश्वासन के बाद अपना आंदोलन एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद अब शिक्षा मित्र बुधवार से स्कूल जाकर अपना काम करेंगे।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल से कहा कि वह इस बाबत प्रस्ताव लाने की कोशिश करेंगे।
शिक्षा मित्रों का आंदोलन मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद स्थगित कर दिया गया। मुख्यमंत्री ने शिक्षा मित्रों को पहले भी आंदोलन खत्म करने का सुझाव दिया था। मंगलवार को हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने शिक्षामित्रों से स्कूलों में जाकर छात्रों को पढ़ाने को कहा। इस बात पर शिक्षा मित्र राजी हो गए हैं। इन सभी ने प्रदेश में चल रहा आंदोलन को एक हफ्ते के लिए टाल दिया है।
शिक्षामित्रों ने कहा कि अगर एक हफ्ते में भी कोई ठोस नीति नहीं बनी तो प्रदेश में फिर बड़ा आंदोलन शुरू होगा।
आदर्श समायोजित शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र शाही ने कहा, “सरकार पर हमको भरोसा है और प्रस्ताव तैयार कैबिनेट में लाने के लिए समय मांगा है।”
dharmpath.com dharmpath