लखनऊ, 19 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं अल्पसंख्यक मामलों के राज्यमंत्री चितरंजन स्वरूप का बुधवार को लंबी बीमारी के बाद गुडगांव के मेदांता अस्पताल में सुबह 11.45 बजे निधन हो गया।
राज्यमंत्री लंबे समय से बीमार चल रहे थे। एक सप्ताह पहले उनकी हालत में सुधार हुआ था और चिकित्सकों ने डायलसिस भी बंद कर दी थी।
स्वास्थ्य में सुधार के बाद बुधवार को राज्यमंत्री चितरंजन स्वरूप की तबियत अचानक बिगड़ गई। चिकित्सकों ने काफी प्रयास किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
परिजनों के मुताबिक, सुबह उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं था। डाक्टरों ने जांच भी की, लेकिन उसके बाद उनकी मौत हो गई।
राज्यमंत्री चितरंजन स्वरूप वर्ष 1974 में पहली बार विधानसभा पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2002 में भाजपा प्रत्याशी कपिल देव अग्रवाल को हराकर मुजफ्फरनगर की सदर विधानसभा पर कब्जा जमाया। 2007 के विधानसभा चुनाव में उन्हें भाजपा के अशोक कंसल से हार का सामना करना पड़ा। जबकि वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में अशोक कंसल को हराकर चितरंजन स्वरूप एक बार फिर विधानसभा पहुंचे। मुलायम सिंह के करीबी होने की वजह से उन्हें इस बार राज्यमंत्री बनाया गया था।
dharmpath.com dharmpath