उप्र : रालोद प्रत्याशी के भाई व दोस्त की गोली मारकर हत्या

लखनऊ/बुलंदशहर, 7 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर की खुर्जा विधानसभा सीट से राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रत्याशी मनोज गौतम के भाई विनोद गौतम और उनके दोस्त सचिन की सोमवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई।

पुलिस के मुताबिक, दोनों कल रात राष्ट्रीय लोकदल के महासचिव तथा उत्तर प्रदेश में पार्टी के नेता जयंत चौधरी की जनसभा के बाद काफिले के साथ एक स्कार्पियो गाड़ी लेकर निकले थे। कुछ देर बाद दोनों काफिले से लापता हो गए।

इनकी स्कार्पियो खुर्जा देहात के अगवाल फाटक के पास खड़ी मिली। रात में मोबाइल बंद होने पर परिवार के लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।

पुलिस ने बताया कि मंगलवार सुबह दोनों का शव अगवाल फाटक के पास मिला। विनोद एवं सचिन के साथ तीसरा युवक भी था। पुलिस तीसरे युवक की तलाश में जुटी है।

इस बीच, घटना के बाद प्रत्याशी मनोज गौतम की हालत खराब हो गई है, उन्हें नर्सिग होम में भर्ती कराया गया है।

वहीं घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सोनिया सिंह समेत तमाम आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए।

एसएसपी ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस मामले को लेकर तमाम बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493