लखनऊ, 7 अक्टूबर -रेलवे की ‘रेल नीर’ की तर्ज पर अब उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के यात्रियों को बोतलबंद पानी के रूप में ‘परिवहन नीर’ मुहैया कराने का निर्णय लिया गया है। इसकी ब्रिकी होने के बाद बस स्टेशनों पर अन्य कंपनियों के बोतलबंद पानी की ब्रिकी पर रोक लगा दी जाएगी। विशेष बात यह है कि रोडवेज का बोतलबंद पानी अन्य ब्रांडों के मुकाबले बहुत सस्ता होगा। ‘परिवहन नीर’ लाने की रोडवेज में कवायद शुरू कर दी गई है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक मुकेश कुमार मेश्राम ने बताया कि निजी क्षेत्र के जरिए रोडवेज में परिवहन नीर बोतलबंद पानी लाने के लिए योजना बनाई गई है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी और बड़ी कंपनियों को ही इस काम की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, ताकि यात्रियों की मांग के हिसाब से बस स्टेशनों पर परिवहन नीर की आपूर्ति की जा सके।
प्रबंध निदेशक ने बताया कि रोडवेज में बोतलबंद पानी परिवहन नीर लाने के पीछे यह मकसद है कि पूरे प्रदेश में सालाना 54 करोड़ मुसाफिर रोडवेज बसों में सफर करते हैं। साथ ही 25 करोड़ ऐसे लोग हैं, जो अपनों को छोड़ने व लाने के लिए बस स्टेशनों पर आते हैं। उन्होंने बताया कि इतने लोगों के लिए वर्तमान में बाहर की ब्रांडेड कंपनियों के बोतलबंद पानी की आपूर्ति बस स्टेशनों पर की जा रही है।
उन्होंने बताया कि रोडवेज में परिवहन नीर ब्रांडेड कंपनियों की बोतलबंद पानी के मुकाबले बहुत कम मूल्य पर यात्रियों को बेची जाएगी। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए दो लीटर, एक लीटर व आधा लीटर का बोतलबंद परिवहन नीर उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रबंध निदेशक ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया फाइनल होने के बाद परिवहन नीर बोतलबंद पानी का निर्माण शुरू हो जाएगा। शुरुआती दौर में बड़े स्टेशनों और बाद में प्रदेश के सभी बस स्टेशनों पर परिवहन नीर की आपूर्ति की जाएगी।
dharmpath.com dharmpath