इंदौर, 7 अक्टूबर – देश की खातिर शहादत देने वाले इंदौर के सेनानी ज्ञानसिंह परिहार के परिजनों को 10 लाख रुपये की सम्मान निधि व एक भूखंड और उनकी पत्नी को सरकारी नौकरी मिलेगी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को यह घोषणा की। मुख्यमंत्री इंदौर में शहीद लांसनायक ज्ञानसिंह परिहार की अंतिम यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की और परदेसीपुरा चौराहे से मालवा मिल श्मशान घाट तक अंतिम यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने शहीद के पार्थिव शरीर को कंधा भी दिया।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि भारत माता पर अपनी जान न्योछावर करने वाले नौजवानों के लिए पूरा देश उनका ऋणी रहेगा। इंदौर के वीर सपूत ज्ञानसिंह परिहार ने कठिन परिस्थिति में देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर किए हैं।
शहीद ज्ञानसिंह राजपूताना रेजीमेंट में लांसनायक के पद पर पुंछ में पदस्थ थे। केवल 27 वर्ष की अल्पायु में देश के लिए मर मिटने वाले शहीद ज्ञानसिंह के बलिदान को पूरा प्रदेश नमन करता है।
मुख्यमंत्री चौहान ने शहीद परिवार के सम्मान में नगर निगम की गौरी नगर कलोनी में निर्माणाधीन सड़क का नाम शहीद ज्ञानसिंह परिहार के नाम पर रखने की घोषणा की। उन्होंने शहीद के परिवार और पत्नी को 10 लाख रुपये की सम्मान राशि देने की भी घोषणा की। शहीद की ढाई वर्षीय पुत्री के नाम एक भूखंड एवं शहीद की पत्नी को शासकीय नौकरी दिए जाने की घोषणा की। अंतिम यात्रा में सांसद नंदकुमार चौहान, महापौर श्याम मुरारी मोघे तथा कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।
dharmpath.com dharmpath