उप्र : ललितपुर में वज्रपात से 4 की मौत, 4 झुलसे

ललितपुर, 14 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में रविवार की शाम अलग-अलग घटनाओं में आकाशीय बिजली गिरने से जहां चार किसानों की मौत हो गई, वहीं एक ही परिवार की चार महिलाएं बुरी तरह से झुलस गईं। पुलिस ने यह जानकारी सोमवार को दी।

पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने बताया कि बार थाना क्षेत्र के चुनगी गांव में खेती-किसानी का काम कर रहे रवि (18) व आकाश (26) तेज बारिश से बचने के लिए खेत में लगे महुआ के पेड़ की आड़ में बैठ गए। इसी बीच पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरी और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दूसरी घटना शहर कोतवाली के रजवार गांव में घटी, जहां खेतों में काम करते वक्त आकाशीय बिजली की चपेट में आकर निजाम (62) व आकाश मालवीय (36) की मौत हो गई।

एसपी ने बताया कि तीसरी घटना में मड़ौरा थाना के रखवारा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार की चार महिलाएं माया, सोना, सुखवती व सूरजबाई झुलस कर घायल हो गई हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493