बांदा, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के जसपुरा थाना क्षेत्र के झंझरी पुरवा गांव में दो दिनों से लापता एक महिला का शव गुरुवार की शाम जंगल में एक पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने महिला के साथ दुष्कर्म होने की आशंका जताई है।
पुलिस अधीक्षक बांदा आर.पी. पांडेय ने शुक्रवार को बताया कि रामपुर-झंझरी गांव के जंगल में ममता (30) का शव एक बबूल के पेड़ से लटका हुआ मिला, वह दो दिन से लापता थीं। उन्होंने महिला के साथ दुष्कर्म होने की आशंका जताई और कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
उधर, महिला के पति फूलचंद्र ने बताया कि 11 अक्टूबर की सुबह उसकी पत्नी लकड़ी लेने जंगल में गई, तभी से वह लापता थी। उसने कहा कि आत्महत्या करने का कोई सवाल ही उठता। निश्चित तौर पर दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई और शव को पेड़ से लटका कर आत्महत्या का रूप दिया गया।
बहरहाल, पुलिस मामला दर्ज कर कई बिंदुओं से जांच कर रही है।
dharmpath.com dharmpath