नई दिल्ली-चंदा चोरी और वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस लगातार हमलावर है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह चंदा चोरी और वोट चोरी के मुद्दे पर उज्जैन से अयोध्या तक सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा निकाल रहे हैं। इस बीच कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आठ आरोपियों पर तीसरी बार भी आरोप तय नहीं होने को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल उठाया कि राम मंदिर की पूरी CCTV फुटेज और ऑडियो सामने आने से किसकी पोल खुलेगी और बड़े लोगों की भूमिका की जांच कब होगी।
जयराम रमेश ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि चंदा चोरी, आस्था के साथ धोखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार असली बड़े चोरों को बचाना चाहती है। जयराम रमेश के मुताबिक, राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आठ आरोपियों पर तीसरी बार भी आरोप तय नहीं हो सके। आरोपियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी हुई, लेकिन वीडियो फुटेज और ऑडियो उपलब्ध कराने की मांग अब भी लंबित है।
कांग्रेस नेता ने सवाल किया कि राम मंदिर की पूरी वीडियो फुटेज और ऑडियो सामने आने से किसकी पोल खुलेगी? उन्होंने कहा कि लोगों के मन में संदेह है कि पूरी रिकॉर्डिंग से चढ़ावे की चोरी और बड़े लोगों की मिलीभगत से जुड़े अहम राज सामने आ सकते हैं। देश जानना चाहता है कि इन रिकॉर्डिंग्स में क्या दर्ज है और इन्हें उपलब्ध कराने में देरी क्यों हो रही है।
dharmpath.com dharmpath