इलाहाबाद, 13 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने यहां सोमवार को राज्य की समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार पर जमकर हमला बोला और कहा कि वर्ष 2017 का विधानसभा चुनाव कानून-व्यवस्था पर जनमत संग्रह होगा।
जेटली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी के अंतिम दिन उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के जवाहरबाग में हुई हिंसा पर इलाहाबाद में के. पी. ग्राउंड पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा, “मथुरा और कैराना जैसी घटना होना काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। अगर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को उप्र की कानून-व्यवस्था पर इतना ही भरोसा है तो कानून-व्यवस्था के मुद्दे को लेकर वह राज्य में जनमत संग्रह करा लें।”
जेटली ने कार्य समिति के उद्देश्यों का जिक्र करते हुए कहा कि वर्तमान राजनीतिक स्थिति का विश्लेषण किया गया और पार्टी को अधिक मजूबत बनाने का संकल्प लिया गया।
उन्होंने कहा, “देश के हर जिले में पार्टी का कार्यालय खोलने की बात हुई है। देश के उन सात राज्यों पर फोकस करने पर बल दिया गया, जहां पार्टी कमजोर है। पूर्वोत्तर में असम में जीत हासिल करने के बाद अब हमें अन्य राज्यों पर ध्यान केंद्रित करना है।”
जेटली ने कहा कि बैठक में देश की आर्थिक स्थिति पर भी चर्चा हुई।
उन्होंने किसानों के हित के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाने के सवाल पर कहा, “न्यूनतम समर्थन मूल्य धीरे-धीरे हर वर्ष बढ़ाया जाता है। एक ही बार बढ़ाने से मुद्रास्फीति पर इसका असर पड़ता है।”
dharmpath.com dharmpath