लखनऊ , 12 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा सत्र के दूसरे दिन राज्य के कुछ जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा होने और आजमगढ़ में जहरीली शराब से हुई मौतों का मामला उठा। मामले को लेकर कांग्रेस ने सदन से वाकआउट किया तो समाजवादी पार्टी (सपा) ने जमकर सरकार पर हमला बोला।
कांग्रेस ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरा और उसकी कार्यप्रणाली की आलोचना करते हुए सदन से वकआउट कर दिया।
सदन में बाढ़ पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “बाढ़ की समस्या पहली बार नहीं आई है। इस साल बारिश भी बहुत हुई है, इसलिए कुछ जिलों में बाढ़ के हालात ज्यादा गंभीर हैं। लेकिन हमने बाढ़ पर नियंत्रण के लिए हर जिले में कंट्रोल रूम बनाया है। बाढ़ से प्रभावित हर जिले पर हमारी नजर है।”
वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस नेता अजय कुमार लल्लू ने कहा, “बाढ़ के मुद्दे पर हम जवाब चाहते थे, लेकिन सरकार असंवेदनशील है। सरकार के जवाब से हम संतुष्ट नहीं हैं। जनता बाढ़ से परेशान है। कांग्रेस के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में जनता बांध पर रहने को मजबूर है।”
सदन में आजमगढ़ में जहरीली शराब से हुई मौतों का भी मामला सपा विधायक दुर्गा प्रसाद यादव ने उठाया। इस पर संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सरकार घटना में न कोई टालमटोल करना चाहती है, न ही किसी दोषी को छोड़ना चाहती है।
सुरेश खन्ना ने कहा कि तीन लोगों के घरवालों ने लिखित में दिया है कि उनके यहां मरने वालों की मौत का कारण हार्ट अटैक था। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार के एक मंत्री आजमगढ़ जाएंगे और पीड़ित परिवार को दो लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath