उप्र : संजय मित्तल अपहरण कांड का वांछित गिरफ्तार

पुलिस लाइन सभागार में गुरुवार को आयोजित वार्ता में एसएसपी अजय कुमार पांडे ने बताया कि बीती 19 मई को हुए संजय मित्तल अपहरण कांड में शामिल विक्की बॉक्सर गैंग के शातिर सदस्य जितेंद्र दीक्षित उर्फ जय प्रकाश दीक्षित उर्फ जेपी के बारे में बुधवार रात मुखबिर से सूचना मिली।

मुखबिर ने बताया कि जेपी भारी असलहा के साथ थाना दक्षिण के फैक्ट्री एरिया में अपने साथियों की गिरफ्तारी का बदला लेने के लिए उद्योगपति संजय मित्तल की हत्या की फिराक में घूम रहा है।

इस सूचना पर क्राइम ब्रांच और थाना दक्षिण पुलिस की टीम ने फैक्ट्री एरिया व राजा के ताल के क्षेत्र में घेराबंदी की। तभी राजा के ताल पर पुलिया के पास आरोपी जेपी आता दिखाई दिया, जिसने पुलिस को देखते हुए फायरिंग कर दी, जिस पर पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने जेपी को गिरफ्तार कर लिया।

एसएसपी ने बताया, “आरोपी के पास से एक देशी पोनिया-315 बोर, 10 जिंदा कारतूस 315 बोर, एक देशी रिवाल्वर, पांच अदद जिंदा कारतूस 32 बोर बरामद किए गए हैं। साथ ही घटना में प्रयुक्त बोलेरो कार (उप्र 83 एसी 4677) भी बदमाश से बरामद की गई। गिरफ्तार अभियुक्त जेपी कुख्यात विक्की बॉक्सर गैंग का सक्रिय अपराधी है और चौथी बार जेल जा रहा है।”

उन्होंने बताया कि संजय मित्तल अपहरण कांड में पुलिस पहले की पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर चुकी है। वांछित जेपी की गिरफ्तारी पर आगरा जोन से पंद्रह हजार रुपये का पुरस्कार घोषित था। आरोपी के खिलाफ थाना दक्षिण पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पूछताछ में आरोपी जेपी ने बताया कि वह साथियों की गिरफ्तारी का बदला लेने के लिए संजय मित्तल की हत्या करना चाहता था, जिसके बाद उद्योगपतियों में उनके गैंग के खिलाफ दहशत भर जाती और वह रंगदारी वसूलने में कामयाब होता।

फिरोजाबाद एसएसपी अजय कुमार पांडेय ने गिरफ्तार करने वाली टीम को प्रशस्ति-पत्र और नकद इनाम देने की घोषणा की है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493