लखनऊ, 23 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव लखनऊ कैंट से पार्टी की प्रत्याशी होंगी। सपा की प्रदेश इकाई ने सोमवार को 37 प्रत्याशियों की सूची जारी की। इस सूची में भी शिवपाल यादव की करीबी शादाब फातिमा का नाम नहीं है।
प्रदेश अध्यक्ष नरेश चंद्र उत्तम ने 37 प्रत्याशियों की सूची जारी की। अपर्णा के नाम की घोषणा सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश चंद्र उत्तम के साथ तथा मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने की।
सूची के मुताबिक, कन्नौज के छिबरामऊ से अरविंद सिंह यादव को प्रत्याशी बनाया गया है। सपा ने मंत्री विजय मिश्र व शादाब फातमा का टिकट काट दिया है।
विजय मिश्र के स्थान पर गाजीपुर से राजेश कुशवाहा को तथा जहूराबाद से शादाब फातिमा के स्थान पर महेंद्र चौहान को टिकट मिला है। इसके अलावा चकिया से पूनम सोनकर, जंगीपुर से देवेंद्र यादव, मुगलसराय से बाबूलाल यादव तथा मछलीशहर से जगदीश सोनकर को टिकट दिया गया है।
बलिया के रसड़ा से सनातन पांडेय को पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है। मेहंदावल से पप्पू निषाद, आजमगढ़ से दुर्गा प्रसाद यादव, गोरखपुर ग्रामीण से विजय यादव, फतेहपुर से चंद्र प्रकार लोधी तथा पिपराइत से अमरेंद्र निषाद को टिकट मिला है।
लखनऊ मध्य से रविदास मेहरोत्रा व लखनऊ उत्तरी से अभिषेक मिश्र को प्रत्याशी घोषित किया गया है। इसके साथ ही पार्टी ने कायमगंज से अमित कठेरिया की जगह सुरभि, सहारनपुर देहात से गुफरान अहमद की जगह अहमद शाहनवाज तथा लखीमपुर के श्रीनगर से रामशरण के स्थान पर अब मीरा बानो को पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया है।
dharmpath.com dharmpath