उप्र सरकार किसानों के प्रति संवेदनशील : अखिलेश

लखनऊ, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के प्रति बेहद संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि सरकार ने तय किया है कि वह उन किसानों को हर संभव मदद देगी, जिनकी फसलें बर्बाद हो गई हैं।

मुख्यमंत्री बस्ती में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राजकिशोर सिंह के गांव चंगेरवा में आयोजित चंगेरवा महोत्सव के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा, ” मैं प्रदेश के सभी किसानों से भी अपील करूंगा कि प्राकृतिक कारणों से अगर फसलों को नुकसान हुआ है, तो वे इसके लिए आत्महत्या करने जैसा कदम कदापि न उठाएं। सरकार उनकी मदद को तैयार है। वह अपनी बात प्रशासन से कहें।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों को क्षति का आकलन कर तुरंत मदद करने का निर्देश दिया गया है।

इससे पहले उन्होंने गांव में बने उद्यान में मंत्री राजकिशोर सिंह के बेटे उपेंद्र प्रताप सिंह उर्फ शुभम की मूर्ति का अनावरण किया। शुभम का निधन एक सड़क दुर्घटना में हो गया था।

मुख्यमंत्री के साथ मंत्री राजकिशोर सिंह, खेल राज्यमंत्री राम करन आर्य, ग्रामीण विकास राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार अरविंद सिंह गोप भी थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493