लखनऊ, 4 अगस्त (आईएएनएस)। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन द्वारा कांग्रेस के 25 सांसदों को सदन से निलंबित करने के खिलाफ सोमवार को कांग्रेस नेता लखनऊ में सड़कों पर उतर आए। निलंबन के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा़ निर्मल खत्री के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने काली पट्टी बांधकर जुलूस निकाला।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज में जनरल पोस्ट ऑफिस (जीपीओ) स्थित गांधी प्रतिमा के पास विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई। हजरतगंज में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिस पर वे उग्र हो गए। इसके बाद पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा. निर्मल खत्री ने सरकार के इस रवैये की कड़ी आलोचना की।
पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा़ रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। सदन को चलाना सरकार का काम है। उन्होंने सांसदों के निलंबन को गलत बताया।
गौरतलब है कि सोमवार को लोकसभा की कार्यवाही में गतिरोध पैदा करने के आरोप में लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने 25 कांग्रेसी सांसदों को पांच दिनों के लिए सदन से निलंबित कर दिया। इसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता मंगलवार को सड़क पर उतर आए और निलंबन वापस लेने की मांग की।
dharmpath.com dharmpath