उप्र : सामूहिक दुष्कर्म से क्षुब्ध किशोरी ने आत्मदाह किया

हमीरपुर, 16 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के मझगवां थाना क्षेत्र में रविवार को घटी सामूहिक दुष्कर्म की घटना से क्षुब्ध होकर एक किशोरी ने कथित तौर पर आग लगाकर आत्महत्या कर ली है। यह जानकारी एसपी ने मंगलवार को दी।

पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी. ने बताया, “रविवार को काठा गांव में एक 17 साल की किशोरी के साथ गांव के ही दो सगे भाइयों ने घर में दुष्कर्म किया। इससे क्षुब्ध होकर किशोरी ने घटना के तत्काल बाद शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा ली, जिससे उसकी मौत हो गई है।”

जबकि मृत किशोरी के पिता का आरोप है कि दुष्कर्मियों ने ही उसकी बेटी को जिंदा जला दिया।

मृतका के पिता ने कहा, “दुष्कर्म के बाद जिस समय लड़की को आरोपी जिंदा जला रहे थे, उस समय मेरा छोटा बेटा घर पहुंचा और अपनी बहन को बचाने की कोशिश की थी, जिसे भी घायल कर दिया गया है।”

दूसरी ओर, अपर पुलिस अधीक्षक लाल साहब ने आईएएनएस से कहा कि मृतका के पिता की शिकायत पर ही दुष्कर्म और आत्मदाह के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज किया गया है, और पोस्टमार्टम रपट में भी दुष्कर्म और आत्मदाह की पुष्टि हुई है।

थानाध्यक्ष मझगवां मधुसूदन दीक्षित ने बताया, “इस मामले में गांव के ही दो सगे भाइयों सुनील और सोनू के खिलाफ दुष्कर्म, आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के अलावा पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर लिया गया है और एक आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया गया है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493