उप्र : सीबीएसई की 12वीं में हंसिका व करिश्मा अव्वल

लखनऊ, 2 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं की परीक्षा के परिणाम गुरुवार को घोषित हुए, जिसमें मेरठ की हंसिका शुक्ला और मुजफ्फरनगर की करिश्मा अरोड़ा ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं, दूसरे स्थान पर रायबरेली की ऐश्वर्या सिन्हा रही। उसने 99.6 फीसदी अंक पाकर यह सफलता अर्जित की।

राजधानी लखनऊ की आयुषी उपाध्याय ने सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में 99.4 फीसदी नंबर लाकर अपना नाम रोशन किया है। कुल 500 में से 497 नंबर लाने वाली आयुषी को देश भर में संयुक्त रूप से तीसरा और लखनऊ में पहला स्थान हासिल हुआ है। लखनऊ पब्लिक स्कूल साउथ सिटी की छात्रा आयुषी ने ये नंबर मानविकी वर्ग में हासिल किए हैं।

इसके अलावा रानी लक्ष्मीबाई की यशिका गुप्ता ने 98.2 प्रतिशत अंक पाकर अपने स्कूल का मान बढ़ाया है। यशिका गुप्ता राजधानी के टॉप-10 में शुमार हैं।

आयुषी 12वीं के बाद राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (दिल्ली) से एलएलबी ऑनर्स की पढ़ाई करना चाहती है। इसके बाद वह सिविल सेवा की तैयारी करेगी। आयुषी ने बताया कि पढ़ाई के साथ ही वह बैडमिंटन और शतरंज खेलना पसंद करती है।

वहीं रायबरेली की ऐश्वर्या ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता व शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा वह आईएएस बनकर देश की सेवा करना चाहती हैं।

रानी लक्ष्मीबाई स्कूल की यशिका गुप्ता आगे चलकर सीए बनना चाहती है। उसने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493