उप्र : 12 दिसम्बर को न्यायिक भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाएंगे समाजसेवी

लखनऊ, 2 दिसम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 12 दिसम्बर को देश ही नहीं, दुनियाभर के समाजसेवी एकत्र होंगे और वे न्यायिक भ्रष्टाचार के खिलाफ लखनऊ स्थित सामाजिक संगठन ऐश्वर्याज सेवा संस्थान की अगुवाई में प्रदर्शन करेंगे।

संगठन के बैनर तले समाजसेवी जिलाधिकारी आवास से हजरतगंज मुख्य डाकघर (जीपीओ) स्थित महात्मा गांधी पार्क तक पैदल मार्च करेंगे और महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे मोमबत्ती जलाकर सबको समान और त्वरित न्याय दिलाने की मांग करेंगे। यह कार्यक्रम अपराह्न् तीन बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा।

ऐश्वर्याज संस्थान की सचिव व सामाजिक कार्यकर्ता और आरटीआई एक्टिविस्ट उर्वशी शर्मा ने आईएएनएस से विशेष बातचीत के दौरान यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में ऐश्वर्याज के साथ दिल्ली की सामाजिक संस्था फाइट फॉर जुडिशिअल रिफॉर्म्स, प्रेस भारती सिटीजन, गोरखपुर की परिवर्तन वेलफेयर सोसाइटी सहित कई संगठन शामिल होंगे।

उन्होंने देशभर के सामाजिक संगठनों और समाजसेवियों से अपील की है कि वे सब लखनऊ आकर इस ‘त्वरित न्याय संघर्ष यात्रा’ को अपना समर्थन दें। जो लखनऊ न आ सकें, वे अपने जिला मुख्यालय पर ऐसी न्याय यात्रा निकाल कर सबको सामान और त्वरित न्याय की मांग बुलंद करें।

बकौल उर्वशी, “मेरा प्रयास है कि 12 दिसम्बर को भारत के अधिक से अधिक जिला मुख्यालयों पर न्यायिक भ्रष्टाचार के खिलाफ एक विरोध प्रदर्शन हो।”

उर्वशी का मानना है कि न्यायिक पारदर्शिता न होने के कारण ही न्यायिक प्रक्रियाओं में भी भ्रष्टाचार गहरे तक घर कर गया है और इसलिए आज सभी के लिए एकसमान न्याय की बात बेमानी सी हो गई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493