लखनऊ, 8 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव में विजयी रहे 13 नए विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) को विधान परिषद के सभापति रमेश यादव ने शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण का यह कार्यक्रम विधानसभा के सेंट्रल हॉल में पूरा हुआ। इनमें कुछ ऐसे भी पुराने चेहरे शामिल हैं, जिनकी दोबारा विधान परिषद में एंट्री हुई है।
समारोह के दौरान नेता विधान परिषद अहमद हसन और नेता प्रतिपक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी भी उपस्थित थे।
नए विधान परिषद सदस्यों के साथ पुराने नेताओं में समाजवादी पार्टी के बलराम यादव, यशवंत सिंह, बुक्कल नवाब, राम सुंदर निषाद ने दोबारा शपथ ली। इस बार बसपा, भाजपा और कांग्रेस के विधान परिषद सदस्य नए हैं।
समाजवादी पार्टी से यशवंत सिंह, रणविजय सिंह, बलराम यादव, बुक्कल नवाब, रामसुंदर निषाद, कमलेश पाठक, जगजीवन प्रसाद, सत्यरुद्र प्रकाश ने एमएलएसी पद की शपथ ली।
बहुजन समाज पार्टी से सुरेश कुमार कश्यप, दिनेश चंद्रा, अतर सिंह ने विधान परिषद सदस्य के रूप में शपथ ली। भारतीय जनता पार्टी की ओर से भूपेंद्र सिंह, कांग्रेस से दीपक सिंह ने शपथ ली।
गौरतलब है कि विधान परिषद के जिन सदस्यों का कार्यकाल खत्म हुआ था, उनमें लालचंद्र निषाद, यशवंत सिंह, राम कुमार कुरील, मो. अतहर खां, सुबोध कुमार पाराशर, सतीश चंद्र, वीरेंद्र कुमार चौहान, राम सुंदर निषाद, बलराम यादव, नसीब पठान खां, ऋषिपाल, हृदय नारायण दीक्षित व बुक्कल नवाब शामिल हैं।
dharmpath.com dharmpath