उप में डपोरशंखी बन गई है भाजपा सरकार : सपा

चौधरी ने कहा कि जनता को भ्रमित करने की मोदी-शाह के स्टाइल का यहां की भाजपा सरकार ने खूब अनुसरण किया है। जनता भलीभांति समझने लगी है कि हाथी के दांत खाने के और, दिखाने के और हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेशवासी यह भी समझ रहे हैं कि अखिलेश यादव ने विकास के जिन कामों की शुरुआत की थी, भाजपा सरकार ने उनसे भी मुंह फेर लिया है। बस उनकी चालू योजनाओं को ही नाम बदलकर अपना बता रही है।

चौधरी ने कहा कि बड़े जोर-शोर से चुनाव सभाओं में घोषणाएं की गई थीं कि भाजपा सरकार बनते ही कानून व्यवस्था चाक-चौबंद हो जाएगी। किसानों का गेहूं समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। आलू किसानों को राहत दी जाएगी। गन्ना किसानों का बकाया भुगतान कर दिया जाएगा। बड़े जोर-शोर से यह भी कहा गया था कि किसानों का कर्ज मंत्रिमंडल की पहली ही बैठक में माफ हो जाएगा और 15 जून तक प्रदेश की सभी सड़कें गड्ढा-मुक्त हो जाएंगी। लकिन भाजपा सरकार इनमें से एक भी वादा अभी तक पूरा नहीं कर सकी है।

सपा प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बदहाल है। आम आदमी की जानमाल की सुरक्षा अपराधियों के भरोसे है। पुलिस का मनोबल इतना गिरा हुआ है कि अब अपराधी उसको ही थानों में घुसकर पीट रहे हैं। हत्या, लूट, दुष्कर्म, डकैती, की खुली छूट है। चेनस्नैचिंग तो आम बात है।

चौधरी ने कहा कि अभी तक गेहूं का लक्ष्य 44 प्रतिशत ही खरीद हो सकी। मजबूरन ज्यादातर किसानों को आढ़तियों या बिचैलियों को कम कीमत पर गेहूं बेचना पड़ा है। आलू किसानों के साथ धोखा हुआ। उनसे खरीद का ऐलान तब हुआ, जब आलू कोल्ड स्टोरेज में जा चुका था। गन्ना किसानों का बकाया भुगतान अभी तक नहीं हुआ है।

पूर्व मंत्री ने कहा कि भाजपा ने अपने आचरण से जता दिया है कि वह किसान विरोधी है। तीन महीने पूरे होने जा रहे हैं, किसानों का एक लाख तक का कर्ज माफ करने का कोई आदेश अभी तक नहीं हो पाया है।

उन्होंने कहा कि योगी ने बड़बोलेपन के साथ 15 जून तक प्रदेश की सड़कों को गड्ढा मुक्त कर देने का ऐलान किया था। जब 15 जून आ गया तो योगी बिहार के दरभंगा चले गए। यह भी जनता को बहलाने की भाजपा की पुरानी चाल साबित हुई है।

चौधरी ने कहा कि सच तो यह है कि भाजपा सरकार का अब तक का रिकार्ड घोर निराशाजनक है। उसने जनहित की कोई योजना नहीं शुरू की है। गरीब, किसान, नौजवान और अल्पसंख्यक सब परेशान हैं। जो घोषणाएं की जा रही हैं, सब हवा-हवाई।

उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने विकास का जो रास्ता अपनाया था, भाजपा सरकार ने उसको छोड़कर समाजवादी सरकार के कामों की जांच के बहाने दुष्प्रचार का रास्ता अपना लिया है। योगी सरकार बदले की भावना से काम कर रही है।

सपा प्रवक्त ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के आचरण को देखकर हतप्रभ है, क्योंकि भाजपा राज में झूठ, अफवाह के साथ भ्रष्टाचार की अविरल धारा बहने लगी है।

उन्होंने कहा कि सपा की मांग है कि भाजपा के अब तक के वादों की सही स्थिति की परख के लिए एक सर्वदलीय जांच समिति बने।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493